Door to Door Garbage Collection : बागबेड़ा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पोटका के विधायक श्री संजीव सरदार एवं उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने घरेलू कचरा संग्रहण हेतु विशेष वाहन को समाहरणालय से हरी झंडी दिखाकर डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य बागबेड़ा क्षेत्र में घर-घर से कचरे का नियमित संग्रहण सुनिश्चित करते हुए साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर बनाया जा सके।
इस अवसर पर विधायक श्री संजीव सरदार ने कहा कि नागरिकों को अपने घरों का कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने पड़ेंगे, बल्कि निर्धारित समय पर वाहन उनके घरों के समीप पहुंचेगा, जहां वे अपने घरेलू कचरे को सीधे वाहन में दे सकेंगे। इससे न केवल गंदगी पर नियंत्रण होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। बागबेड़ा क्षेत्र के नागरिक इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि ‘डोर-टू-डोर’ कचरा संग्रहण व्यवस्था स्वच्छता प्रबंधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही इस पहल को सफल बनाया जा सकता है। सभी से अपील है कि कचरा खुले में न फेंकें और निर्धारित वाहन में ही दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कचरा संग्रहण कार्य नियमित एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील है कि वे इस सेवा का लाभ उठाते हुए अपने घरों का कचरा निर्धारित वाहन में ही दें तथा बागबेड़ा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, डीटीओ श्री धनंजय, गोलमुरी सह जुगसलाई के बीडीओ श्री सुमित प्रकाश व अन्य उपस्थित थे।





