East Singhbhum News: पूर्वी सिंहभूम जिले के 15 आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से रोटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटी मेकिंग मशीन दी गई है। उपायुक्त राजीव रंजन की पहल पर डीएमएफटी मद से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, इससे विद्यालयों में भोजन व्यवस्था बेहतर बनाने और रसोई कर्मियों के काम को आसान करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री झारखंड के निर्देशानुसार आवासीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने भोजन व्यवस्था से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए यह कदम उठाया है।

East Singhbhum News: 15 विद्यालयों में रोटी मशीन की सुविधा
उपायुक्त राजीव रंजन ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया था। इस दौरान सामने आया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय समेत कई संस्थानों में बड़ी संख्या में बच्चों के लिए रोटियां तैयार करना रसोइयों के लिए कठिन हो रहा था।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस समस्या के कारण सामान्य दिनों में छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से रोटी नहीं मिल पाती थी। कई विद्यालयों में विशेष अवसरों पर या बच्चों के बीमार होने की स्थिति में ही रोटी बनाई जाती थी। मशीन उपलब्ध कराने का उद्देश्य कम समय में अधिक रोटियां तैयार करना और भोजन की विविधता बढ़ाना है।

सुंदरनगर के केजीबीवी में मशीन का उद्घाटन
इसी पहल के तहत उपायुक्त राजीव रंजन ने केजीबीवी सुंदरनगर में रोटी मेकिंग मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उप विकास आयुक्त, अन्य पदाधिकारियों और विद्यालय की छात्राओं के साथ भोजन भी किया।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय की वार्डन और अन्य शिक्षकेत्तर कर्मियों से छात्राओं के पठन-पाठन, शैक्षणिक गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से भी बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना।

छात्राओं को पढ़ाई और लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित
विद्यालय में संवाद के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन तथा संबंधित कर्मियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन और जरूरी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन का कहना है कि आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। प्रशासन के अनुसार, इन व्यवस्थाओं से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई पर बेहतर ध्यान केंद्रित करने में सहायता मिलेगी।

यह भी पढ़ें:






