चांडिल: चांडिल मुख्य बाजार में शुक्रवार देर रात व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर हुई हथियारबंद डकैती की घटना के बाद रविवार को विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचीं। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इस वारदात पर दुख जताया।
विधायक सविता महतो ने कहा कि चांडिल जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटना होना बेहद दुखद है। उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से फोन पर बात कर डकैती की घटना की जानकारी ली और मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल पैदा होता है। पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच कर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और लोगों का पुलिस पर भरोसा बना रहे।

मठिया गली में पीसीसी सड़क निर्माण का किया निरीक्षण
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद विधायक ने ग्रामीणों की शिकायत पर चांडिल की मठिया गली में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान दिया और निर्माण करा रहे संवेदक के मुंशी को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी तरह की अनियमितता मिलने पर शिकायत करने की अपील की।
ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, नितेश वर्मा, राहुल वर्मा सहित पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित थे।




