Chowka Road Safety Campaign : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका मोड़ पर बुधवार को यातायात पुलिस एवं चौका थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजू ने किया। इस दौरान सड़क पर चलने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही ड्रंक एंड ड्राइव को लेकर विशेष जांच अभियान भी चलाया गया।अभियान के दौरान वाहन चालकों के कागजात की जांच की गई तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। यातायात थाना प्रभारी राजू ने लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने वाहन चालकों से हमेशा वाहन के आवश्यक कागजात साथ रखने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाकर चलने की अपील की।वहीं चौका थाना प्रभारी ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं एवं दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण होती हैं। पुलिस द्वारा लगातार ऐसे अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।






