Cold Wave In Jharkhand : झारखंड में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
उत्तर और दक्षिण-पूर्वी झारखंड में घना कोहरा
देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और साहिबगंज जैसे उत्तरी जिलों के साथ-साथ पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में घने कोहरे और शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। कोहरे के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में गिरावट का अनुमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सात जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2-4 डिग्री तक गिर सकता है। अनुमान है कि 10 जनवरी तक रांची और अन्य जिलों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है।
रांची का हाल
राजधानी रांची और उसके आसपास ठंड का प्रकोप जारी है। कांके का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी में हल्के और मध्यम कोहरे के साथ आंशिक बादल छाए रहेंगे।
7 जनवरी (आज का मौसम)
सुबह हल्की धुंध के बाद आसमान साफ रहेगा।
अधिकतम तापमान: 25 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 9 डिग्री सेल्सियस
8 जनवरी (कल का मौसम)
आसमान साफ रहेगा और सर्दी बढ़ेगी।
अधिकतम तापमान: 24 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 7-8 डिग्री सेल्सियस
हवा की ठंडक ठिठुरन बढ़ा सकती है।
यातायात और स्वास्थ्य पर असर
कोहरे और शीतलहर के कारण सड़क पर वाहन चलाने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान से स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की जरूरत है।
झारखंड में सर्दी के इस प्रकोप ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, अगले कुछ दिन ठंड और बढ़ने की संभावना है।