Ichagarh Illegal Sand Mining : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो,जारगोडीह, बामनडीह , बीरडीह आदि बालू घाटों का खनन विभाग द्वारा अवैध बालू उत्खनन, परिवहन के विरुद्ध औचक निरीक्षण किया गया। सुवर्ण रेखा नदी के बालू घाटों पर जेसीबी मशीन से ट्रैंच काट कर रास्ता को अवरूद्ध किया गया। खनन निरीक्षक समीर कुमार ओझा ने बताया कि उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निदेशानुसार जिला खनन विभाग एवं ईचागढ़ थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी में अवस्थित सोड़ो, जारगोडीह, पुरानडीह, वीरडीह आदि बालू घाटों में अवैध बालू खनन/भंडारण/परिवहन के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।

निरीक्षण के क्रम में उपरोक्त घाटों पर तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई, तथापि सोड़ो जारगोडीह एवं वीरडीह बालू घाटों में ट्रैक्टर वाहन के टायर के निशान पाए जाने के उपरांत वरीय पदाधिकारी से प्राप्त निर्देशानुसार संभावित अवैध परिवहन मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर अवरोध गर्त का निर्माण कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है, ताकि भविष्य में अवैध परिवहन की पुनरावृत्ति न हो सके।
उपायुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिलांतर्गत किसी भी स्थान पर खनिजों के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी सतत् रूप से जारी रहेगी।






