Jamshedpur Kapali stabbing : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में शनिवार शाम एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात में 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, कपाली क्षेत्र के रहने वाले 14 वर्षीय ज़ैद खान शनिवार शाम करीब 6 बजे श्यामसुंदर मैदान में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान वहां आमिर नामक युवक पहुंचा, जो अलकबीर पॉलिटेक्निक के पीछे का निवासी बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आमिर ने ज़ैद के साथ मज़ाक करना शुरू किया, जिस पर ज़ैद ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आमिर ने अपने पास रखे डैगर से ज़ैद पर हमला कर दिया।
इस हमले में ज़ैद खान की पीठ में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल किशोर को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
इलाके में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं
कपाली और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। आए दिन हो रही मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी युवक आमिर की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद घायल किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।



