Jamshedpur News : दशम गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के अतुल्य बलिदान और अदम्य साहस की स्मृति में भारतीय जनता पार्टी बागबेड़ा मंडल द्वारा ‘साहिबजादों का बलिदान सप्ताह’ का आयोजन बागबेड़ा गुरुद्वारा प्रांगण में किया गया। यह आयोजन 20 से 27 दिसंबर तक चलेगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बागबेड़ा मंडल के अध्यक्ष अश्वनी तिवारी जी ने की। कार्यक्रम में जिला कार्यालय मंत्री सुबोध झा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए साहिबजादों की वीरता और उनके बलिदान को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इस्लामिक आक्रमणकारियों के खिलाफ युद्ध में साहिबजादों ने अपनी वीरता और धर्मनिष्ठा का परिचय देते हुए सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
उन्होंने यह भी बताया कि दो साहिबजादों को आक्रमणकारियों ने दीवार में जीवित ही चुनवा दिया, लेकिन उन्होंने सनातन संस्कृति को त्यागने से इनकार कर दिया। चारों साहिबजादों के इस अतुलनीय बलिदान पर सभी ने शत-शत नमन किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अश्वनी तिवारी ने प्रभात फेरी और अन्य आयोजनों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम के सह संयोजक मनोज सिंह ने भी अपने विचार रखे। गुरुद्वारा प्रबंधक बलकार सिंह, महिला मोर्चा से दलबीर कौर, पंचायत समिति सदस्य धरना मिश्रा, और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में सैकड़ों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधन के सहयोग से आयोजित किया गया।
मेरी संस्कृति…मेरा देश…मेरा अभिमान
गुरु परिवार और साहिबजादों के बलिदान को श्रद्धांजलि देते हुए, कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश और धर्म के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।