Kapali Firing Case : चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत तमोलिया कॉलोनी में 9 जुलाई को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मो. जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी (41) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो पुराने कट्टे, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया है।
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि 9 जुलाई की दोपहर करीब 3:30 बजे तमोलिया कॉलोनी स्थित गोविंद विद्यालय के पीछे शेख नूर मोहम्मद (62) पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर कपाली ओपी में कांड संख्या 97/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 118(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी मो. जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी को 10 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद किए गए। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ओपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आगजनी, मारपीट, अपहरण, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में साकची, कपाली ओपी, आजादनगर और बोड़ाम थाना में कई मामले पहले से दर्ज हैं।
बरामद सामान:
– एक देशी पिस्टल
– दो पुराने कट्टे
– एक जिंदा गोली
– एक गोली का खोखा
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





