Save Constitution Campaign India (प्रकाश कुमार गुप्ता) : जिला कांग्रेस कमिटी पश्चिमी सिंहभूम की एक अहम कार्यकारिणी बैठक बुधवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में आयोजित की गई। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव पर नमन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने की।
बैठक में मुख्य रूप से संविधान बचाओ अभियान और रैली को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि यह अभियान भाजपा सरकार द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग और संविधान की मूल भावना पर हो रहे हमलों के खिलाफ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान को पश्चिमी सिंहभूम जिले के प्रत्येक गाँव और शहर तक पहुँचाया जाएगा।
डॉ. बलमुचू ने यह भी कहा, “कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता की आवाज की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से प्रतिबद्ध है। हमें जन-जन को जागरूक कर एकजुट संघर्ष करना होगा।”
बैठक को संबोधित करते हुए जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित और संवैधानिक अधिकारों पर लगातार हमले कर रही है। उन्होंने पेसा कानून, ओबीसी आरक्षण, सरना धर्म कोड, लैंड बैंक, नगर निकायों में आरक्षण और आउटसोर्सिंग से की जा रही नियुक्तियों जैसे मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर जनता को कांग्रेस की भावनाओं से अवगत कराना होगा और राज्य सरकार के सहयोग से समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
बैठक का संचालन कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु रॉय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव नूतन बिरुवा ने किया।
बैठक में कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी, प्रखंड पर्यवेक्षक मायाधर बेहरा, कैरा बिरुवा, मसूम रजा, रमेश सिंह, जाम्बी कुदादा, नगर अध्यक्ष मोहम्मद सलीम, पूर्व जिलाध्यक्ष अंबर रायचौधरी, महासचिव अविनाश कोड़ा, और शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और जन अधिकारों की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाएगी।