दो मामलों में वांछित आरोपी को दबोचा, ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार बोले- अपराधियों पर जारी रहेगा शिकंजा
Kapali OP Ragib Murder Case Arrest : कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रागीब हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी तारिक़ (उम्र करीब 35 वर्ष, पिता मो. तौकिर, निवासी कोहिनूर टॉवर, फ्लैट नंबर-103, ओल्ड पुरुलिया रोड, थाना आजादनगर, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत चांडिल अनुमंडलीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 237/2023 में दर्ज रागीब हत्याकांड का नामजद अभियुक्त था। इस मामले में आईपीसी की धारा 341, 302, 504, 506, 201, 120बी के साथ-साथ आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा आरोपी चांडिल थाना कांड संख्या 133/2021 में भी वांछित था जिसमें मारपीट, धमकी और जबरन वसूली से संबंधित धाराएं दर्ज हैं। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



