राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर बड़ालापांग में जागरूकता शिविर, मनुष्यों और पशुओं के लिए चला विशेष टीकाकरण अभियान
National Vaccination Day Camp : राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर सोमवार को कुकड़ू प्रखंड के बड़ालापांग गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विशेष जागरूकता एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को स्वास्थ्य और पशुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
इस विशेष शिविर में मनुष्यों और पशुओं दोनों के लिए टीकाकरण अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि समय पर टीकाकरण कराने से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और यह स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।
पशुपालकों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
शिविर में पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न संक्रामक बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पशुओं के नियमित टीकाकरण, समय पर उपचार और पशु स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण कराने से पशुधन सुरक्षित रहता है और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
स्वास्थ्य कर्मियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों का पूरा टीकाकरण अवश्य कराएं और स्वास्थ्य से जुड़े सरकारी कार्यक्रमों का लाभ उठाएं।
अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रभारी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. हरेलाल महतो, नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड फैलो सागर कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर देशबंधु महतो, कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता सह टीकाकर्मी संजय कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण कार्य में सीएचओ जॉनी टोपनो, एएनएम पूनम कुमारी तथा स्वास्थ्य सहिया की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य और पशु संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
स्वस्थ समाज के लिए टीकाकरण जरूरी
अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण न केवल बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए बल्कि पशुधन की सुरक्षा के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।



