Singhbhum College Chandil water crisis – सिंहभूम कॉलेज चांडिल में भीषण गर्मी के बीच चल रही परीक्षाओं के दौरान छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। पानी की टंकी बंद पड़ी है और ऊपर से आर ओ फिल्टर भी खराब होने के कारण छात्रों को स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है।
गर्मी के इस मौसम में पानी की कमी ने छात्रों की स्थिति और भी दयनीय बना दी है। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे उनकी एकाग्रता और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।

इसके अलावा, कॉलेज के शौचालयों की हालत बेहद जर्जर है। कई शौचालय टूट-फूट की कगार पर हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि शौचालय का उपयोग करना भी खतरे से खाली नहीं है।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से जल्द पानी की टंकी चालू कराने, आर ओ फिल्टर ठीक करवाने और शौचालयों की मरम्मत कराने की मांग की है।
स्थानीय अभिभावकों और लोगों ने भी इस गंभीर समस्या पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि परीक्षा के दौरान छात्रों को राहत मिल सके।



