रमज़ान के पाक महीने के बाद आई खुशियों की सौगात, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में दिखा उत्साह
Eid ul Fitr Celebration Ichagarh – रमज़ान के मुकद्दस महीने के समापन के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार सोमवार को कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के चौड़ा और तिरुलडीह तथा ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा ,आमड़ा व वनडीह में पूरे हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह होते ही इलाके के मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ खुशियों का माहौल था और लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दे रहे थे।
सुबह की पहली किरण के साथ ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए और साफ-सुथरे कपड़ों में सजकर ईदगाह की ओर बढ़ने लगे। चौड़ा और तिरुलडीह के प्रमुख ईदगाहों में विशेष नमाज़ अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। नमाज़ के बाद इमाम ने देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी।ईद के इस खास मौके पर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि लोग बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें।
पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। छोटे बच्चों में खास उत्साह देखा गया, जो नए कपड़े पहनकर इधर-उधर दौड़ते और अपने दोस्तों के साथ त्योहार का आनंद लेते दिखे। कई जगहों पर बच्चों को ‘ईदी’ भी दी गई, जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई।सेवइयां, शीर खुरमा और विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजन परोसे गए। लोगों ने अपने घरों में रिश्तेदारों और दोस्तों का स्वागत किया और मिल-बांटकर त्योहार की खुशियां मनाईं।
विधायक सविता महतो ने भी लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को मिलकर ऐसे पर्वों को मनाना चाहिए, जिससे समाज में सौहार्द और मजबूत हो। वहीं हुसैनी मस्जिद तिरूलडीह में पहली बार नया मस्जिद में ईद का नमाज अदा किया गया, जिससे लोग काफी खुश और उत्साहित होकर ईद मनाई।


