CHAIBASA NEWS (प्रकाश कुमार गुप्ता) : डॉ. अंबेडकर कॉलोनी, डांगोवापोसी में अखिल भारतीय अनुसूचित जाति मूलनिवासी संघ द्वारा माता सावित्रीबाई फुले और मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस आयोजन की अध्यक्षता संगठन के प्रखंड अध्यक्ष बादल बेहरा ने की, जबकि कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश सचिव सूरज मुखी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सूरज मुखी ने बच्चों, महिलाओं और युवाओं को संबोधित करते हुए माता सावित्रीबाई फुले के समाज सुधार में योगदान, नारी शिक्षा के लिए उनके संघर्ष और महिलाओं के मान-सम्मान की दिशा में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी बताया कि सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और देश में शिक्षा का अलख जगाया।
वहीं, प्रखंड अध्यक्ष आनंद करुवा ने सभा को संबोधित करते हुए मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के संविधान सभा में आदिवासियों के अधिकारों की आवाज बुलंद करने और अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना में उनकी भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों और महिलाओं को जयपाल सिंह मुंडा के क्रांतिकारी आंदोलन के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन महक बेहरा और अंकित बेहरा ने किया, जबकि कार्यक्रम का समापन सपन गुच्छाईत ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राज बेहरा का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर सिद्धार्थ बेहरा, चेंगू, जयंती देवी, रूपा बेहरा, बेबी मुखी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।