Ichagarh Panchayat Award – सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड पंचायत समिति को उत्कृष्ट कार्य हेतु रांची के खेलगांव स्थित इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बीडीओ एकता वर्मा एवं प्रखंड प्रमुख गुरूपद मार्डी को पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री श्री सोरेन द्वारा अंग पट्ट , प्रशस्ती पत्र एवं 15 लाख रुपए डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया। ईचागढ़ प्रखंड पंचायत समिति को 2024-25 के लिए उत्कृष्ट पंचायत समिति में कोल्हान का प्रथम एवं झारखंड प्रदेश में तीसरे स्थान प्राप्त किया है।
पुरस्कार के अन्तर्गत उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में उनके समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली, नवाचार, स्वच्छता, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए यह उत्कृष्ट पंचायत समिति के रूप में चयनित किया गया है। बीडीओ एकता वर्मा, प्रखंड प्रमुख गुरूपद मार्डी,उप प्रमुख दीपक कुमार साहू, प्रखंड समन्वयक रविन्द्र नाथ महतो, बीपीओ एवं पंचायत समिति सदस्यों का आपसी तालमेल और अच्छे कार्यों के लिए अहम योगदान माना जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रमुख,उप प्रमुख,पंचायत समिति सदस्यों, प्रखंड व पंचायत कर्मियों एवं तमाम जनताओं के सहयोग से ईचागढ़ प्रखंड कोल्हान प्रमंडल में प्रथम व राज्य स्तर में तीसरे स्थान प्राप्त हुआ एवं उत्कृष्ट पंचायत समिति को प्रखंड स्तर पर 15 लाख , पंचायत समिति को 10 लाख एवं जिला परिषद को 20 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि झारखंड सरकार की ओर से प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ईचागढ़ के पंचायत प्रतिनिधि एवं प्रखंड के तमाम प्रखंड व पंचायत कर्मियों का बेहतर तालमेल से आगे भी उत्कृष्ट कार्य करने की कोशिश जारी रहेगा। वहीं प्रखंड प्रमुख गुरूपद मार्डी ने कहा कि यह उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत करना एक बेहतर कार्य है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों व प्रखंड कर्मियों का कार्य के प्रति उत्साह बढ़ता है।उन्होंने कहा कि बेहतर कार्ययोजना तैयार कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्तियों तक पहुंचाकर प्रखंड को आगे भी राज्य स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विशिष्ट अतिथि मंत्री दीपिका सिंह , पंचायती राज निर्देशक आदि उपस्थित थे।





