Kapali Police Arrest – सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल प्रखण्ड के कपाली ओपी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया । चांडिल थाना के कपाली ओपी कांड संख्या 262/24, दिनांक 10 दिसंबर 2024 में नामजद अभियुक्त सबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नु बच्चा को करीब 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी कपाली के ताजनगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। जानकारी के अनुसार यह मामला कपाली निवासी नाजिश जिया के लिखित आवेदन पर दर्ज किया गया था।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि सबीर अली समेत चार लोगों ने मिलकर वादी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से नौ अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी कई गंभीर मामलों में भी संलिप्त रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जेल भेज दिया गया। क्षेत्र के लोग कपाली ओपी पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी उपलब्धि एवं अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देख रहे हैं।






