Jharkhand Education Issues (प्रकाश कुमार गुप्ता) : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) झारखंड राज्य कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल आज झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म वर्षगांठ और 125वीं शहादत वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उनके जीवन संघर्ष पर आधारित पुस्तक और विशेष कैलेंडर राज्यपाल को भेंट किया।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में व्याप्त शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर राज्यपाल से विस्तार से चर्चा की और 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
1. वर्ष 2016 के बाद से झारखंड टीईटी (JTET) परीक्षा का आयोजन नहीं हुआ है, इसे अविलंब आयोजित किया जाए।
2. राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में कुलपति, प्रति-कुलपति और वित्त पदाधिकारी की नियुक्ति शीघ्र की जाए।
3. TGT/PGT के 8900 से अधिक सरेंडर किए गए पदों को पुनः बहाल कर शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
4. कोल्हान विश्वविद्यालय में जेनेरिक और मेथड पेपर की परीक्षा आयोजित की जाए।
5. PHD परीक्षा के परिणामों की घोषणा, जो एक वर्ष से लंबित है, तुरंत की जाए।
6. कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई जारी रखी जाए और आंदोलनरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की मांगों को माना जाए।
7. विश्वविद्यालय और कॉलेजों में गैर-शैक्षणिक पदों पर नियुक्तियाँ शीघ्र शुरू की जाएं।
8. छात्र संघ चुनाव शीघ्र कराए जाएं।
9. पहली से आठवीं कक्षा तक पास-फेल प्रणाली पुनः लागू की जाए।
10. स्नातक और परास्नातक में CUET की बाध्यता समाप्त कर सबको नामांकन का अवसर दिया जाए।
11. नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द किया जाए।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को सभी विषयों पर सकारात्मक विचार और आवश्यक विभागीय कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष अग्रसारित किया जाएगा।
AIDSO ने आगामी 6 मई को रांची में मुख्यमंत्री के समक्ष इन मांगों को लेकर छात्रों के विशाल प्रदर्शन की घोषणा भी की है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव सोहन महतो, उपाध्यक्ष जीवन यादव, सचिव मंडली सदस्य शुभम झा, विशेश्वर महतो और सत्येन मोहंता शामिल थे।