Police Awareness Campaign – सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों के तहत नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय, रघुनाथपुर एवं तिरूलडीह थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय तिरूलडीह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से छात्राओं को बाल विवाह,बाल मजदूर , साइबर अपराध, यातायात,डायल 112 , बच्चा चोरी अपवाह, डायन प्रथा निषेध कानून के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कम उम्र में विवाह करना या करवाने में सम्मिलित होना कानूनन अपराध है और इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की जबरन शादी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

इसके अलावा विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया पर फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन ठगी और अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी व तिरूलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी इन महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराएं, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।





