Chandil Elephant Terror : चांडिल,कुकड़ु , ईचागढ़ सहित पूरे चांडिल वन क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों का उत्पात बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है। बीते देर रात को कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह पंचायत के आदरडीह चौका गांव में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस घटना में गांव के ग्राम प्रधान गुरुपद गोप का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के समय गुरुपद गोप अपने पूरे परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। अचानक हाथी द्वारा घर तोड़े जाने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी तरह उन्होंने अपनी पत्नी, विवाहित बेटी एवं छोटे-छोटे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।

हाथी ने घर में रखे अनाज को पूरी तरह नष्ट कर दिया। डेगची एवं बोरा में रखे चावल को चारों ओर बिखेर दिया गया। घर के कई जरूरी सामानों को नुकसान पहुंचाया गया तथा बक्से में रखे महत्वपूर्ण कागजात सहित अन्य वस्तुएं भी नष्ट हो गईं। इस घटना में ग्राम प्रधान की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके सीने में अंदरूनी चोट आई है तथा पैर में गंभीर चोट लगी है। वहीं विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो ने वन विभाग से मांग की है कि घायल महिला के समुचित इलाज की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए एवं हाथियों का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाय ।





