Bagbera Water Supply Scam : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी की बहुचर्चित जलापूर्ति योजना से संबंधित मिस केस संख्या 21/2022 व 24 अन्य मामलों की सुनवाई आज उपायुक्त व्यवहार न्यायालय, जमशेदपुर में संपन्न हो गई। अदालत ने फैसला अगली तिथि पर सुरक्षित रख लिया है।
इस योजना से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों पर जनहित याचिका दायर करने वाले बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा ने बताया कि 6 मई 2025 को दोनों पक्षों की ओर से वकीलों ने बहस की और दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए। इसके बाद 9 मई को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, मैकेनिकल विंग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने पक्ष में कागजात सौंपे।
जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में दूषित पानी की आपूर्ति, अवैध कनेक्शन, पारदर्शिता की कमी और आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारियों को नहीं देने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। इसके साथ ही ₹21.63 लाख की लागत से फिल्टर प्लांट मरम्मत के लिए आए फंड का उपयोग नहीं किए जाने और फंड की कथित लूट की बात भी उठाई गई है।
झारखंड हाईकोर्ट ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए 30 दिनों के भीतर उपायुक्त के व्यवहार न्यायालय को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत बागबेड़ा में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति हेतु ₹1.88 करोड़ की योजना भी स्वीकृत की गई थी। विभाग ने न्यायालय में दावा किया था कि 15 महीने के भीतर प्लांट निर्माण कार्य पूरा कर 26 जुलाई 2024 से 1140 घरों को स्वच्छ जल आपूर्ति शुरू की जाएगी। हालांकि, आज भी यह कार्य अधूरा पड़ा है।
9 मई को विभाग ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए दो महीने का अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन न्यायालय ने कोई अतिरिक्त समय देने से इनकार करते हुए अगली सुनवाई में फैसला सुरक्षित रखा है।
आज सुनवाई के बाद सुबोध झा ने आदित्यपुर मोड़ स्थित निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि सभी गेटों पर ताले लगे हैं, कोई भी मजदूर या कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। झा ने आरोप लगाया कि प्लांट आकार में बहुत छोटा है और इससे हजारों अवैध कनेक्शन जुड़े हैं, जिससे 1140 घरों को पर्याप्त जल आपूर्ति संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
आज की सुनवाई में सुबोध झा के साथ बागबेड़ा महानगर विकास समिति के सदस्य विनय कुमार, विनोद राम, पार्थो पांडा भी उपस्थित थे।