रेलवे स्टेशन परिसर में उमड़ने वाली भीड़ पर रहेगी नजर, रेल पटरी पार करने के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर
Durga Puja Security ( ईचागढ़ ) – दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर सोमवार को तिरूलडीह थाना परिसर में रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के मुरी-चांडिल रेलखंड के रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध बिहारी यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रेलवे ट्रैक की निगरानी तथा भीड़भाड़ के समय लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के कारण काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में रेलवे लाइन के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेषकर ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है।
इसे देखते हुए रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।रेलवे पुलिस निरीक्षक अवध बिहारी यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान दोनों रेलवे स्टेशनों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। भीड़ के बीच रेल परिचालन के समय विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि रेलवे लाइन के आसपास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। साथ ही, ट्रेन गुजरने के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की घटना या दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। दोनों विभागों के पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।
वहीं, तिरूलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिरूलडीह और बंकारकुड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। इसे लेकर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस के बीच जिम्मेदारियों के समुचित निर्वहन तथा आपसी समन्वय के साथ निगरानी रखने पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में रेलवे पुलिस के पदाधिकारी एवं तिरूलडीह थाना के पुलिसकर्मी उपस्थित थे।




