MLA Saryu Roy : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए नगर निगम के उप नगर आयुक्त सुरेश प्रसाद यादव और अन्य अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक ने नगर निगम की विभिन्न समस्याओं, खाली पदों और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की।
67 पद खाली, 36 कर्मियों के भरोसे चल रहा निगम
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मानगो नगर निगम में कुल 103 पद सृजित हैं, लेकिन इनमें से केवल 36 कर्मी कार्यरत हैं। इन 36 कर्मियों में भी कई संविदा और दैनिक वेतनभोगी हैं। 67 पदों के खाली होने से निगम की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। विधायक ने इसे चिंताजनक बताते हुए तत्काल रिक्तियों को भरने के लिए कदम उठाने की बात कही।
पेयजल, बिजली और सफाई की स्थिति पर सवाल
बैठक में बताया गया कि पेयजल आपूर्ति पेयजल एवं स्वच्छता विभाग संभाल रहा है, स्ट्रीट लाइट का काम ईईएसएल एजेंसी कर रही है, और सफाई का काम आउटसोर्सिंग के जरिए हो रहा है। आउटसोर्सिंग संविदाकारों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, और वे अब अवधि विस्तार पर काम कर रहे हैं। विधायक ने निगम अधिकारियों से कहा कि डोर-टू-डोर कचरा उठाने की सेवा का क्षेत्र विस्तार किया जाए और बहुमंजिली इमारतों के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए।
सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग
श्री राय ने नालियों और सड़कों की सफाई को बेहतर और समन्वित बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि नालियों की सफाई से निकले कचरे का उसी दिन उठाव होना चाहिए। सफाई पर होने वाले खर्च का बजट बढ़ाने और श्रमिकों की संख्या को सफाई के हिसाब से तय करने की जरूरत है।
स्ट्रीट लाइट और वेंडर की स्थिति दयनीय
नगर निगम के अधिकारियों ने जानकारी दी कि क्षेत्र में कुल 5527 स्ट्रीट लाइट और 35 हाईमास्ट लाइट हैं, लेकिन अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इसका कारण ईईएसएल एजेंसी की गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली है। वहीं, निगम क्षेत्र में 2875 स्ट्रीट वेंडर हैं, लेकिन उनके लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। विधायक ने वेंडरों के लिए बाजार क्षेत्र निर्धारित करने और मानगो बाजार समिति के कामकाज में सुधार के निर्देश दिए।
इंदौर मॉडल अपनाने का सुझाव
अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि निगम के एक हिस्से को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर विकसित नगर निगम जैसे इंदौर के मॉडल पर चलाया जाएगा। इस पर श्री राय ने कहा कि मानगो नगर निगम की कार्य प्रणाली को विकसित नगर निगमों की तर्ज पर बदलने की जरूरत है।
जनता के आक्रोश से बचने की नसीहत
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि होल्डिंग टैक्स वसूलने के बजाय नागरिक सुविधाओं पर ध्यान दें। यदि जनता को सुविधाएं नहीं मिलीं, तो उनका आक्रोश बढ़ेगा। उन्होंने नगर निगम की स्थिति में व्यापक सुधार के लिए ठोस और तत्काल कदम उठाने की बात कही।