- 48 वर्ष की उम्र में निधन से क्षेत्र ने खोया अभिभावक, परिवार के सुख-दुख में साथ देने का लिया संकल्प
ईचागढ़ – सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत मिलन चौक में रविवार को व्यवसायिक समिति मिलन चौक के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत मुखिया Nayan Singh Munda को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
साथ ही शोकाकुल परिवार के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि नयन सिंह मुंडा का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। झारखंड गठन के बाद से लगातार मुखिया निर्वाचित होकर उन्होंने जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी लोकप्रियता और सामाजिक कार्यों के कारण वे क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। महज 48 वर्ष की उम्र में उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र ने एक अभिभावक खो दिया है। उनकी कमी की भरपाई संभव नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि दिवंगत मुखिया के अधूरे सपनों को साकार करना और उनके परिवार को हर परिस्थिति में सहयोग देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। समाज के लोगों को इस कठिन समय में परिवार का संबल बनना चाहिए।
मालूम हो कि बीते सोमवार को ब्रह्मानंद अस्पताल में इलाज के दौरान नयन सिंह मुंडा का निधन हो गया था। वे सोड़ो पंचायत के मुखिया थे, जबकि उनकी पत्नी ईचागढ़ पूर्वी की जिला परिषद सदस्य हैं। श्रद्धांजलि सभा को व्यवसायिक समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार माझी, सचिव दिलीप कुमार दास, भोलेनाथ महतो और पूर्व मुखिया पंचानन पातर ने संबोधित किया।
मौके पर दुर्गा प्रसाद महतो, गोपेश कुमार महतो,अमूल्य प्रामाणिक, महेश्वर गोप, अशोक दास, उमापद दास, फाल्गुनी पांडेय, मोहम्मद शमशाद, सुबोध राय, सुरेंद्र नाथ गोप, इंद्रजीत प्रामाणिक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
ईचागढ़ और आसपास की खबरों के लिए AKM News पढ़ें। क्षेत्र की अन्य स्थानीय खबरों में ईचागढ़ के करकरी पुल की स्थिति और नीमडीह में हाथियों से फसल को हुए नुकसान से जुड़ी रिपोर्ट भी देख सकते हैं।





