Potka Road Accident : पिछली-शंकरदा रोड पर एक दर्दनाक हादसे में शिवा पात्र (उम्र 22 वर्ष), पिता सुबल पात्र, गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रैक्टर, जो सड़क किनारे मिट्टी डालने के काम में लगा था, ने बाइक सवार शिवा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में शिवा को सिर पर गहरी चोटें आईं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व जिला पार्षद करुणा मय मंडल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोटका थाना प्रभारी रवि मुंडा और एंबुलेंस सेवा 108 को तुरंत सूचित किया। शिवा की गंभीर स्थिति को देखते हुए श्री मंडल ने स्थिति की गंभीरता को थाना प्रभारी तक पहुंचाया।
थाना प्रभारी रवि मुंडा ने तत्परता दिखाते हुए घायल के घर पहुंचे। एंबुलेंस की देरी को देखते हुए उन्होंने अपने वाहन से शिवा को अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्य की मिसाल पेश करते हुए उन्होंने तेज रफ्तार में घायल को अस्पताल की ओर प्रस्थान किया। रास्ते में एंबुलेंस मिलने पर घायल को उसमें स्थानांतरित कर एम.जी.एम. अस्पताल भेज दिया गया।
यह हादसा तांतीर बांध के समीप, शंकरदा से पोटका की ओर जाने वाले रास्ते पर, लगभग डेढ़ घंटे पहले हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घायल शिवा पात्र को उनके घर पहुंचाया और मामले की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया इसके साथ ही सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और ट्रैक्टरों की गति सीमा निर्धारित करने की अपील की गई है।