Swami Vivekananda Jayanti 2025 (प्रकाश कुमार गुप्ता) : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर आज रविंद्र भवन चाईबासा में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के जिला अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में एक भव्य आयोजन आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे और सभी ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने स्वामी विवेकानंद की विचारधारा और योगदान को याद करते हुए कहा, “स्वामी विवेकानंद ने भारतीय समाज को जागरूक किया और युवाओं को अपने देश की संस्कृति और ज्ञान की ताकत को पहचानने के लिए प्रेरित किया। आज हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर न केवल भारत के आर्थिक विकास को बल देना है, बल्कि सांस्कृतिक उन्नति की दिशा में भी काम करना है।”
उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन हमें यह सिखाता है कि केवल भौतिक प्रगति ही नहीं, बल्कि आत्मिक और सांस्कृतिक विकास भी आवश्यक है। श्री पांडे ने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा लें और अपने देश के निर्माण और उन्नति में योगदान दें।
उन्होंने आगे कहा, “भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा महोत्सव के रूप में मनाती है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर ज्ञान, विज्ञान और आध्यात्मिकता के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करनी चाहिए ताकि हम देश और विदेश में भारत का परचम लहरा सकें।”
इस अवसर पर भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरित होकर विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया