Kolhan Commissioner : कोल्हान प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने और विकास योजनाओं को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन तथा अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
योजनाओं की प्रगति और राजस्व संग्रहण की समीक्षा
सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने आंतरिक संसाधनों एवं राजस्व संग्रहण तथा ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, आइटीडीए की उषा मुंडू सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
अवैध खनन और शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश
आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए संग्रहण में तेजी लाने और नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने को कहा। जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन जांच तेज करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, अधीक्षक उत्पाद को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध नियमित छापेमारी करने को कहा गया। नगर निकायों को राजस्व वसूली बढ़ाने के साथ साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी दिया गया।
विकास योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर जोर
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य योजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और अन्य भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और संबंधित विभाग को इसकी जानकारी देते हुए उन्हें काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
नियमित निरीक्षण और समीक्षा बैठक करने के निर्देश
आयुक्त ने कार्यपालक अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति पर नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने उपायुक्त से भी विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा, ताकि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंच सके।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और विकास कार्यों की समयबद्धता पर संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखनी होगी।




