Chaibasa Blood Donation Camp : झारखंड के चाईबासा में समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा आयोजित 167वां मासिक रक्तदान सह जागरूकता शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह शिविर 1 मई को आयोजित किया गया, जिसमें कुल 18 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने इस अवसर पर कहा कि रक्तदान एक महान और पुनीत कार्य है, जो किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2012 से स्वर्गीय हरभजन सिंह खोखर की स्मृति में हर महीने की पहली तारीख को इस शिविर का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जो आज भी बिना रुके जारी है।

शिविर में खास बात यह रही कि कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। रोटरी क्लब द्वारा इन नए रक्तदाताओं को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया और उनके इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक गुरमुख सिंह खोखर के विवाह की 51वीं वर्षगांठ भी मनाई गई। उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए एक लघु सम्मान समारोह का आयोजन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी उपस्थित रहे। उन्हें रोटरी क्लब के अध्यक्ष, प्रायोजक गुरमुख सिंह खोखर एवं अन्य सदस्यों द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। डॉ. माझी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर बेहद आवश्यक हैं।
इस शिविर में एक महिला रक्तदाता सहित कुल 18 लोगों ने रक्तदान किया। यह आयोजन हर महीने खोखर परिवार के सहयोग से किया जाता है, जो समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब के कई सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें अध्यक्ष विकास दोदराजका, सचिव हीना ठक्कर, गुरमुख सिंह खोखर, मदन लाल गुप्ता, सुशील मुँधड़ा, सौरभ प्रसाद, बिष्णु भुत, शरद गुप्ता, पश्चिमी सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नीरज गोयल, ट्रेजरी ऑफिसर सुमित कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शिव चरण हांसदा और विजय कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे।
अंत में रोटरी क्लब की सचिव हीना ठक्कर ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं।






