Naxal Attack in Jharkhand (प्रकाश कुमार गुप्ता) : प्रतिबंधित भा.क.पा. (माओ.) नक्सली संगठन के शीर्ष नेताओं के नेतृत्व में चलाए जा रहे विध्वंसक गतिविधियों के खिलाफ चाईबासा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में, चाईबासा जिले के छोटानागरा एवं जराईकेला थाना क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ एक विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के ठिकानों की ओर कदम बढ़ाए।
04 मार्च 2025 से चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान, 22 मार्च 2025 को छोटानागरा थानान्तर्गत वनग्राम मरांगपोंगा के आस-पास जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को लक्षित कर पूर्व में लगाए गए ई.ए.डी. (इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस) को विस्फोटित किया गया। इस विस्फोट की चपेट में सी.आर.पी.एफ. 193 बीएन के दो जवान, 1. एस.आई./जी.डी. सुनील कुमार मंडल और 2. एच.सी./जी.डी. पार्थ प्रतिम डे घायल हो गए।
घायल जवानों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और झारखंड पुलिस मुख्यालय एवं सी.आर.पी.एफ. झारखंड सेक्टर के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्हें उच्च इलाज के लिए रांची भेजा गया। दोनों जवानों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान जारी है, और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है।